युवा संसद से जिले का मूड भांपेंगे केशव
प्रतापगढ़। प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य 6 फरवरी को युवा संसद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी बहाने वह लोकसभा चुनाव को लेकर जिले का मूड भांपने का प्रयास करेंगे। भारतीय जनता युवा मोर्चा के संयोजन में चिलबिला के श्रीराम वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनका हेलीकाप्टर सुबह 11.35 पर पुलिस लाइन के हेलीपैड पर उतरेगा। इस दौरान वह लोकनिर्माण विभाग की कई योजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।
इसे लेकर भाजयुमो की जिला कार्यकारिणी की योजना बैठक सोमवार को चिलबिला स्थित श्रीराम वाटिका में संपन्न हुई। मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रामचंद्र मिश्र ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि काशी क्षेत्र के महामंत्री वरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पूरे कार्यक्र म की रूपरेखा संसद की तरह ही होगी। कार्यक्रम के मुख्य विषय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उभरता नया भारत पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। मुख्य अतिथि केशव प्रसाद मौर्य व विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय संगठन महामंत्री रत्नाकर होंगे। काशी क्षेत्र के सात जनपदों के प्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। अध्यक्षता यशार्थ सिंह मुदित ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा हरिओम मिश्र, रवि गुप्ता, पंकज मिश्रा, आनन्द शिल्पी, शिवेंद्र सिंह, दुर्गेश मिश्र, आदि मौजूद रहे।