एक साल की उपस्थिति पंजिका मेंटेन करने के लिए मांगे जा रहे 40 हजार रुपये
अटेंडेंस के नाम पर डीएलएड कालेजों में वसूली
एक साल की उपस्थिति पंजिका मेनेटेन करने के लिए मांगे जा रहे 40 हजार रुपये
प्रतापगढ़। डीएलएड कॉलेजों में अटेंडेंस के नाम पर जमकर वसूली की जा रही है। एक साल के उपस्थिति पंजिका को मेनटेन के करने के लिए 40 हजार रुपये तक छात्रों से मांगे जा रहे हैं। पैसा न देने वाले छात्रों का परीक्षा फार्म नहीं भराया जा रहा है। जिससे छात्रों में रोष व्याप्त है।
डीएलएड के द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों का परीक्षा फार्म भराया जा रहा है। जिसकी अंतिम तिथि 21 जनवरी है। सभी छात्र फार्म भरने के लिए कॉलेज पहुंच रहे हैं, लेकिन उन छात्रों का परीक्षा फार्म भरने से कालेज प्रशासन साफ मना कर दे रहा है, जिनकी उपस्थिति मानक से कम है। साल भर की उपस्थिति मेनटेन करने के लिए छात्रों से प्रतिदिन के हिसाब से कुछ कॉलेज 200, 400 व 500 रुपये तक वसूल रहे हैं। इस तरह पूरे साल भर के लिए लगभग 40 हजार रुपये तक की मांग की जा रही है। देखा जाए तो अधिकांश छात्रों की उपस्थिति कम है। ऐसे में हजारों की संख्या में छात्र परीक्षा फार्म नहीं भर पाए हैं। कॉलेज प्रशासन की इस अवैध वसूली से छात्रों में रोष व्याप्त है। छात्रों ने मामले की शिकायत सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी इलाहाबाद व डीएम से करने की बात कही है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी के मुताबिक डीएलएड के छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है।
मुल्क की आन-बान रहने दो, साथ गीता-कुरान रहने दो
रचनाओं से दिया कौमी एकता का संदेश
प्रतापगढ़। वर्ल्ड ऑफ वुमेन एजूकेशन इंटर कॉलेज चौरा प्रतापगढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की याद में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। डॉ. अनीश नाजिश के शेर ‘मुल्क की आन-बान रहने दो, साथ गीता-कुरान रहने दो’ ने खूब वाहवाही पाई। इसके बाद कवियों व शायरों ने देश प्रेम और कौमी एकता को समर्पित रचनाओं से लोगों को भावविभोर कर दिया। मुख्य अतिथि दयाराम मौर्य ने कवियों को प्रतीक चिह्न व अंगवस्त्रम् भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन साकेत ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस अवसर पर भानु प्रताप त्रिपाठी, डॉ. अजमत, डॉ. आफताब, सुनील प्रभाकर, राधेश्याम दीवाना, रामानुज पाल, अनूप उपाध्याय, रामप्रसाद सोनी, शिवमूर्ति सिंह, रामकुमार सिंह मौजूद रहे।
उमरवैश्य समाज ने की आरक्षण की मांग
प्रतापगढ़। अखिल भारतीय उमरवैश्य महासभा की बैठक रविवार को चिलबिला में हुई। इस दौरान आरक्षण को लेकर चर्चा की गई। दिनेश उमरवैश्य ने कहा कि आरक्षण भीख मांगना नहीं है। आरक्षण हमारा अधिकार है। उन्होंने कहा कि उमरवैश्य समाज को भी आरक्षण मिलना चाहिए। इस मौके पर प्रशांत गुप्ता, कपिल मुनि, श्यामधर गुप्ता, विकास गुप्ता, सियाराम उमरवैश्य, राजू गुप्ता आदि मौजूद रहे।
एसपी से परिवार की सुरक्षा की मांग
प्रतापगढ़। रानीगंज के गंभीरपुर गांव निवासी लियाकत ने एसपी को शिकायती पत्र देकर परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उसका कहना है कि 27 नवंबर को उसके बेटे को पड़ोसी गांव के कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। विरोध करने पर उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।