वकीलों ने तहसील में की तालाबंदी, नारेबाजी
साथी के बेटे पर एससीएस ी का मुकदमा दर्ज होने से आक्रोशित थे अधिकवक्ता
निकाला जुलूस, एएसपी और सीओ के निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर माने
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। साथी के एससीएसटी एक्ट के मुकदमे से परेशान होकर आत्मदाह के ऐलान से नाराज अधिवक्ताओं ने मंगलवार को तहसील में तालाबंदी करते हुए हड़ताल कर दी। तहसील से दीवानी न्यायालय तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एएसपी और सीओ ने उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। तब जाकर वह शांत हुए।
तहसील के अधिवक्ता सोमप्रकाश द्विवेदी ने बेटे पर एससीएसटी एक्ट का मुकदमा होने के कारण 25 सितंबर को तहसील परिसर में आत्मदाह करने का ऐलान किया था। मंगलवार की सुबह अधिवक्ताओं ने तहसील पहुंच आक्रोश जताते हुए कार्यालयों में तालाबंदी करा दी। इसके साथ ही कार्य बहिष्कार करते हुए तहसील से दीवानी न्यायालय तक रैली निकालकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान वहां पहुंचे एडिशनल एसपी शिवाजी शुक्ला और सीओ राधेश्याम ने एससीएसटी मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जांच में कोई पक्ष नहीं छूटेगा। इस दौरान अधिवक्ता दिलीप के साथ हथिगवां पुलिस के दुव्र्यवहार पर भी जांच कराकर एसओ के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। इस पर अधिवक्ता शांत हुए। इस दौरान अध्यक्ष तीर्थराज मिश्र, रमाकांत त्रिपाठी, शीतला प्रसाद केसरवानी, बृजेंद्र मणि, भारत लाल मिश्र, विजय कुमार तिवारी, केके सिंह, राजेश कुमार त्रिपाठी, हरिओम मिश्र, प्रेमचंद्र आदि मौजूद रहे।
घर में घुसकर पीटा, की तोडफ़ोड़
कुंडा(ब्यूरो)। महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे बासदेव गजई निवासी उमाकांत को कुछ लोगों ने 23 सितंबर को उसके घर में घुसकर मारा पीटा और तोडफ़ोड़ की। आरोप है कि उसे तमंचा सटाकर सादे कागजों पर साइन भी कराया। इस दौरान उसकी भाभी से अश्लील हरकत की गई। ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। उसका कहना है कि 14 सितंबर को भी इन लोगों ने उससे मारपीट की थी। इस पर उसकी मां ने इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इससे नाराज लोगों ने उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। उसने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर की है।
फर्जी जाबकार्ड बनवाकर भुगतान कराने की शिकायत
कुंडा(ब्यूरो)। मानिकपुर थाना क्षेत्र के लौंदा गांव के दर्जनों लोगों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कहा है कि ग्राम प्रधान ने अपने परिवार के 16 लोगों का जाबकार्ड बनाया है। यह कभी भी काम करने के लिए नहीं जाते हैं। जबकि इन सभी की हाजिरी भरकर पैसा निकाल लिया जा रहा है। गांव के जो लोग काम करना चाहते हैं उन्हें जाबकार्ड नहीं दिया जा रहा है। शिकायत करने वालों में हेमंत कुमार द्विवेदी, आदित्य कुमार, सत्यचरण, कल्लू गौतम आदि रहे।
करेंटी घाट पर पुल से कौशाम्बी से सीधे जुड़ जाएगा कुंडा
248 करोड़ की लागत से गंगा नदी के करेंटी घाट पर बनेगा पुल
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। गंगा के करेंटी घाट पर 248 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण होने से कुंडा सीधे कौशाम्बी से जुड़ जाएगा। इससे कुंडा के लोगों को कौशाम्बी में व्यापार करने में काफी सहूलियत होगी। यही नहीं इस तरफ के क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा।
पूर्व में नदी के रास्ते से करेंटी घाट व्यापार के लिए प्रसिद्ध था। सडक़ों का जमाना आया तो यह घाट उपेक्षित हो गया। सांसद कौशाम्बी के प्रयास से अब यहां 248 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण होगा। इसके लिए प्रस्ताव बन चुका है। इस घाट पर पुल बनने से कुंडा के लोग सीधे कौशाम्बी जनपद से जुड़ जाएंगे। अभी तक कौशाम्बी जाने के लिए लोगों को मानिकपुर का चक्कर पड़ता था। यह रास्ता भी काफी दिन से खराब पड़ा है। इसके चलते इस तरफ से बड़ी गाडिय़ों का आना -जाना नहीं हो पाता था। यही नहीं कुंडा के लोगों को इसके लिए करीब 20 किमी का चक्कर लगाना पड़ता था। अब इस घाट पर पुल बन जाने से करेंटी, मऊदारा, कुसाहिल, नई बजार, पूरे धनऊ सहित अन्य बाजार के लोगों को कौशाम्बी जनपद से व्यापार करने में काफी सहूलियत होगी। कौशाम्बी सांसद के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र पांडेय का कहना है कि सांसद बनने के बाद ही इस पुल के लिए प्रस्ताव बनाया गया था। इस बारे में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से भी बात हो चुकी है। उन्होंने जल्द ही इस प्रस्ताव को पास कराने का आश्वासन दिया है।
फोटो- 37
महिला को टक्कर मारने पर ग्रामीणों ने फूंक दिया ट्रैक्टर
चालक को जमकर पीटा, खबर पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। कौशाम्बी से मोरंग लादकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सडक़ पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से नाराज लोगों ने चालक की जमकर पिटाई करने के बाद ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाते हुए महिला और ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के चैनी का पुरवा गांव निवासी अरुण कुमार की पत्नी मिथिलेश कुमारी (32) मंगलवार को सामान लेने के लिए सडक़ पार कर रही थी। इस दौरान कौशाम्बी से मोरंग लादकर आ रहे ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना देख रहे आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर को दौड़ा लिया। भागने के चक्कर में ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई। ग्रामीणों ने ड्राइवर अनिल कुमार मौर्या को पकडक़र जमकर पीट दिया। इसके साथ ही ट्रैक्टर को फूंक दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर में लगी आग बुझाने के साथ ही घायल महिला और चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल मिथिलेश कुमारी (32) को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने इलाहाबाद के लिए लिए रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पीड़ित की पति की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। चालक ने भी अज्ञात लोगों के खिलाङ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। ग्रामीणों का कहना था कि अवैध खनन बंद करवाया जाए। आए दिन इधर से कौशाम्बी से मोरंग लादकर ट्रैक्टर व ट्रक निकलते रहते हैं। इससे लोग परेशान रहते हैं।
पुरानी रंजिश में महिला को पीटा
कुंडा (ब्यूरो) हथिगवां थाना क्षेत्र के सरैया प्रवेश पुर गांव निवासी सीता मौर्या पत्नी स्व. अमरलाल का विवाद गांव के कुछ लोगों से चल रहा है। मंगलवार को किसी विवाद को लेकर महिला सीता मौर्या की जमकर पिटाई कर दी गई। सूचना पर पहुंची 100 डायल उसे थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आग लगने से गृहस्थी हुई राख
डेरवा (ब्यूरो)। अज्ञात कारणों से रात में घर मे आग लग जाने से गृहस्थी का सारा जलकर राख हो गया। पीड़ित ने मामले की तहरीर महेशगंज थाने में दी है। महेशगंज थाना क्षेत्र के पूरे सीवन काशीपुर निवासी खजांची भारतीय पुत्र रामसुंदर के घर रात में रात लगभग 9 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। उसके चीख पुकार मचाने पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उसका छप्परनुमा घर पूरी तरह से जल गया। इस दौरान घर में रखा अनाज, कपड़ा, बिस्तर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने इसकी सूचना थाने में देते हुए आग लगाए जाने की आशंका जताई है।
रंजिश में युवतियों को पीटा
बाबागंज (ब्यूरो)। महेशगंज थाना क्षेत्र के बिकयीपुर ऐधा निवासी लाली देवी पुत्री जियालाल का पड़ोस के कुछ लोगों से बच्चों को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर पड़ोसियों ने लाली देवी (22), उसकी बहन पिंकी (18), रिंकी (16) को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने महेशगंज थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसका पिता टीबी समेत कई बीमारियों से ग्रस्त हैं। मां सुमित्रा दिल्ली में रहकर साफ-सफाई करती हैं। वहीं इलाज के लिए पिता को भी ले गई हैं। घर पर वह तीनों बहन एक भाई के साथ रहती हैं। पड़ोसी ने बच्चों के विवाद में उन्हें पीट दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके घायल को मेडिकल के लिए भेज दिया।
फोटो-39
गरीबों के लिए वरदान है आयुष्मान भारत योजना
महेशगंज सीएचसी में लगा स्वास्थ्य मेला
बाबागंज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस के मौके पर बाबागंज ब्लाक के सीएचसी महेशगंज में आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन भाजपा किसान मोर्चा के काशी प्रांत के उपाध्यक्ष अभय प्रताप सिंह पप्पन ने किया। कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित यह योजना विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है। यह योजना गरीबों के लिए वरदान है। जिले में डेढ़ लाख परिवारों को योजना से जोडने का लक्ष्य रखा गया है। सीएससी प्रभारी बाबागंज डॉक्टर विवेक यादव, बाबागंज मंडल अध्यक्ष राममनोहर मौर्य, मनीष शुक्ला टिशू, डा.ॅ अफसर अली , डॉ हारुन, डॉ. सौरभ सिंह ,डॉ अजीत, राजकुमार मनोज तिवारी, मनोज त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे।
बच्चों के बीच मनाई पंडित दीनदयाल की जयंती
कुंडा (ब्यूरो)। बीजेपी महिला मोर्चा की जिला मंत्री डॉ.इंदु तिवारी ने नई बाजार में गरीब बच्चों के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई। बच्चो को कपड़े और खाद्य सामग्री बांटी गई। इस दौरान अमित तिवारी,रोहित पांडेय,गोलू दादा,राज पांडेय युवा सामाजिक कार्यकर्ता गगन दीप त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे।