रानीगंज क्षेत्र के गाजी का बाग-मुबारकपुर रोड पर परिवहन निगम की सेवा की शुरुआत की गई है। रोडवेज बस मुबारकपुर से सीधे मुख्यालय तक का सफर कराएगी। इससे इलाहाबाद-प्रतापगढ़ जनपद सीमा से सटे करीब तीन दर्जन गांवों से अधिक लोगों को सहूलियत मिलेगी। अब उन्हें मुख्यालय तक आने-जाने के लिए डग्गामार वाहनों के भरोसे नहीं रहना होगा।
सोमवार को गाजी का बाग में विधायक धीरज ओझा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि करीब एक दशक से इस रोड पर बसों का टोटा था। जनपद सीमा से सटे गांव के लोगों को मुख्यालय तक के सफर में जेबे ढीली करनी पड़ती थी। जनता की इन समस्याओं पर पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने तनिक भी ध्यान नहीं दिया। मगर अब उन्हें परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। अब लोग कम किराए में आसानी से मुख्यालय पहुंच सकेंगे। उन्होंने परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
साथ ही मोदी एवं योगी सरकार की योजनाओं का बखान किया। इस मौके पर एआरएम महेशचंद्र, ब्लाक प्रमुख राकेश सरोज, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बद्रीगुप्ता, नीरज ओझा, अजय ओझा, मीडिया प्रभारी ललित तिवारी, कंचन सिंह, सुरेश पंाडेय, बृजेश सिंह, सुरेश तिवारी, विनोद शुक्ल, निलेश मिश्र, सुभाष मिश्र, राकेश पांडेय, सुग्गू पांडेय, राहुल पांडेय आदि मौजूद रहे।