प्रतापगढ़। जिले में ट्रांसफार्मर के बाद अब फीडर फुंकने से आए दिन सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो जा रही है। कारण बताया जा रहा है कि क्षमता से अधिक फीडर लोड नहीं उठा पा रहे हैं, जबकि विभाग फीडर क्षमता वृद्धि करा चुका है। विभाग अब आए दिन फुंकने वाले फीडरों की जांच करने की तैयारी कर रहा है।
योगी सरकार ने सत्ता में आते ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था को चुस्त- दुरुस्त बनाने के लिए निर्देश दिए थे। शहर में 24 घंटे व गांव में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया गया था। मगर हकीकत में लागू नहीं हो सका। ट्रांसफार्मरों के फुंकने के बाद अब फीडर फुंकने की समस्या खड़ी होने लगी है। जिले के दोनों विद्युत पारेषण खंड के सभी 60 उपकेन्द्रों में आए दिन फीडर फुंकने की समस्या देखी जा रही है। इससे आए दिन सैकड़ों गांवों के ग्रामीणों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है। खास बात यह है कि दुरुस्त होेने के बाद फीडर 24 से 48 घंटे भी आपूर्ति नहीं कर पा रहे है और फिर से वही समस्या सामने आ जाती है। जिले के रानीगंज, पटटी, कुंडा, लालगंज, सदर क्षेत्र में आए दिन फीडर फुंकने की समस्या बनी हुई है।
सबसे ज्यादा रानीगंज क्षेत्र के नार्थ फीडर, खाखापुर, गौरा, पांडेय तारा, तौकलपुर की समस्या बनी हुई है। ऐसे में विभाग अब आए दिन फुंकने वाले फीडरों की जांच करने की तैयारी कर रहा है। ऐसे फीडरों की पहचान की जाएगी जो कई बार फुंक चुके हैं । उस फीडर पर कितने गांवों में आपूर्ति एवं कितने कनेक्शन का लोड है, इसका भी आंकलन किया जाएगा। विभाग की तरफ से टीम गठित कर उपकेन्द्र वार अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद फीडरों की क्षमता को अन्य फीडरों पर बैलेंस किया जाएगा। एक्सईएन द्वितीय का कहना है कि उपकेन्द्रवार फीडरों की जांच का अभियान चल रहा है। क्षमता वृद्धि के बाद भी फुंकने वाले फीडरों को भी चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।