रानीगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर हरिनाहपुर में खेत के ऊपर से गुजरी बिजली की लाइन से निकली चिंगारी ने चार किसानों के गेहूं की फसल जलाकर राख कर दिया। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के विकराल रूप धारण करने पर बस्ती के लोग सहमे रहे।
गोपालपुर में शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे बिजली के तार आपस में टकराने के बाद चिंगारी केशव तिवारी के खेत में गिरी। देखते ही देखते चिंगारी शोला बन गई। खेत में लगी आग देख गांव के लोग दौड़ पड़े। हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे आग संदीप तिवारी , वीेरेंद्र पांडेय व राजेश पांडेय के खेतों तक पहुंच गई। ग्रामीणों की सूचना पर कुछ ही देर में फायरब्रिगेड भी पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से फायरब्रिगेडकर्मी आग बुझाने में जुट गए।
कुछ अन्य किसानों की फसल में आग की लपटें पहुंच गई। गनीमत यह रही कि फायरब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बस्ती की ओर बढ़ रही आग पर काबू पा लिया। अन्यथा बस्ती में बने मकान भी आग के आगोश में आ जाते। ग्रामीणों के अनुसार आग से करीब 10 बीघे किसानों की फसल जलकर राख हुई है। खून पसीने की कमाई पल भर में राख देख पीड़ित परिवार के सदस्यों की आंखों से लगातार आंसू गिरते रहे। फसल जलने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया था। सूचना मिलने के बाद राजस्वकर्मी भी क्षति का आकलन करने पहुंचे।