जोगापुर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में हुई वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में नर्सरी के निखिल और ईरम ने सभी को पीछे छोड़ दिया। नन्हे बच्चों की यह दौड़ देखने के लिए शिक्षक और अभिभावक एक टक नजर टिकाए हुए थे।
गुरुवार से प्रारंभ हुई प्रतियोगिता सप्ताह भर चलेगी। स्कूल के प्रबंधक संजीव कुमार सिंह ने फीता काटकर और प्रिंसिपल संतोष कुमार द्विवेदी ने मशाल जलाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पहले दिन हुई दौड़ प्रतियोगिता में नर्सरी के छोटे बच्चों का उत्साह देखने के लिए विद्यालय परिवार उमड़ पड़ा।
नर्सरी में निखिल और ईरम को अव्वल रहने का संयुक्त पुरस्कार दिया गया जबकि सामर्थ्य, आराध्या ने दूसरा और रुद्र, रिमसा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एलकेजी में जसिन अली प्रज्ञा सिंह प्रथम, अल्ताफ और अनुष्का सिंह दूसरे और ओम उमर, जिनिया तीसरे स्थान पर रहे। यूकेजी के साहिल अली और त्रिशा मिश्रा प्रथम, बल्लभ मिश्र, साक्षी पाल द्वितीय, आतिफ खान और उजमा बानो तीसरे स्थान पर रहीं। प्रिंसिपल संतोष कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता 23 दिसंबर को समाप्त होगी।