नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण करने वाले करीब पांच सौ दुकानदारों को नोटिस थमाया है। इससे दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के भय से लोग खुद ही अतिक्रमण हटाने लगे हैं। शहर की सड़कों तक दुकानदारों के अतिक्रमण करने से नागरिकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने सदर एसडीएम और नगर पालिका प्रशासन को अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का फरमान सुनाया। पहले चक्र में भंगवा चुंगी से लेकर चौक घंटाघर तक और चौक से लेकर राजापाल चौराहे तक सीमांकन नगर पालिका ने किया। सीमांकन के बाद इन मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों 486 दुकानदारों को चिह्नित किया गया। नगर पालिका प्रशासन ऐसे दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस थमाना शुरू कर दिया है। इससे दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। लोग दुकानों के बाहर सजाने वाले सामानों को भीतर करने लगे हैं। एसडीएम सदर जेपी मिश्रा ने बताया कि यदि नोटिस के बाद दुकानदार अतिक्रमण नहीं हटाते तो नगर पालिका अतिक्रमण खुद हटवाएगी। इस दशा में व्यापारियों से नगर पालिका हर्जाना भी वसूलेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलेगा। ताकि जाम की समस्या से लोगों को निजात मिल सके।
भंगवा चुंगी से चौक की ओर चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है। सदर बाजार से लेकर भंगवा चुंगी तक वाहनों को आठ बजे तक रोकने के लिए कई पालियों में बैरियर के साथ होमगार्ड ड्यूटी में लगाए जाते हैं। आम लोगों को वन वे में जाने से रोकने वाले होमगार्ड उस समय खुद को असहाय पाते हैं जब कोई अफसरी का रौब गांठते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में बैरियर हटवाकर जाने लगता है।