कुंडा सीओ जिया उल हक की हत्या का मामला अभी थमा नहीं था कि बेलगाम बदमाशों ने एक बार फिर खाकी को खुली चुनौती देते हुए इलाहाबाद में यमुनापार के बारा थाना प्रभारी आरपी द्विवेदी की हत्या कर दी।
शुक्रवार की दोपहर एसओ बारा अकेले ही अपनी कार से कार सवार बदमाशों का पीछा कर रहे थे। शंकरगढ़ इलाके में इलाहाबाद-बांदा राजमार्ग पर उन्होंने ओवर टेक कर बदमाशों की कार रोक ली।
खुद को फंसता पाकर हमलावरों ने आरपी द्विवेदी के सीने में गोली मार दी। घायल थानेदार जैसे ही जमीन पर गिरे हमलावर अपनी कार से भाग निकले।
पढ़ें: यूपी में खाकी पर भारी पड़ते अपराधी
थानेदार की हत्या से प्रदेश में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते एडीजी लॉ एंड आर्डर अरुण कुमार हेलीकॉप्टर से घटनास्थल पर पहुंचे।
आईजी आलोक शर्मा ने यूपी और एमपी की सीमाएं सील कराकर तलाशी अभियान चलवाया लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
प्रतापगढ़ के कुंडा में करीब साढे़ तीन माह पहले दो पक्षों के बीच गोलीबारी में प्रधान की हत्या के बाद स्थिति नियंत्रित करने मौके पर पहुंचे कुंडा के सीओ जियाउल हक की हत्या कर दी गई थी।
आईजी आलोक शर्मा के मुताबिक, थाना प्रभारी को फोन कर बताया गया था कि लूटी गई इंडिगो कार पेट्रोल पंप पर खड़ी है।
सटीक सूचना पर एसओ ने अकेले ही कार का पीछा शुरू कर दिया था। मुठभेड़ में दो गोली थानेदार की पिस्टल से चली है। बदमाशों की धरपकड़ को सात टीमें लगाई गई हैं।
मूल रूप से सुल्तानपुर के विजेथुवा कादीपुर निवासी देवी शरण द्विवेदी के पुत्र राजेश प्रसाद द्विवेदी (39) 2001 बैच के दारोगा थे। इन दिनों उनकी तैनाती एसओ बारा के रूप में थी।
उनकी पत्नी और दो बच्चे शहर के कालिंदीपुरम इलाके में रहते हैं। शुक्रवार की दोपहर करीब पौने बारह बजे आरपी द्विवेदी अपनी बैगन आर से सादे लिबास में क्राइम मीटिंग में जाने को निकले।
एसओ के मोबाइल पर कॉल कर बताया गया कि जसरा पेट्रोल पंप पर इंडिगो कार खड़ी है, वह लूट की है। एसओ जसरा तत्काल पेट्रोल पंप पहुंचे। वहीं पर उन्हें इंडिगो दिखाई दी। उसमें तीन लोग सवार थे। वह कार का पीछा करने लगे।
एसओ ने बारा थाने फोन कर फोर्स पहुंचने को कहा। इसके बाद शंकरगढ़ एसओ से बात कर जानकारी दी। इंडिगो का पीछा करते करते वह शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के हरई गांव तक पहुंच गए।
इलाहाबाद- बांदा राजमार्ग पर पहुंचते-पहुंचते एसओ ने ओवरटेक कर इंडिगो रोक ली। द्विवेदी कार के करीब पहुंचे और सभी को बाहर निकलने को कहा।
इसी दौरान एसओ ने जैसे ही अपनी रिवाल्वर निकाली तभी एक बदमाश ने सीने में पिस्टल सटाकर उन्हें गोली मार दी।