टीम इंडिया के सदस्य रहे क्रिकेटर पीयूष चावला शुक्रवार को अनुभूति से क्लीन बोल्ड हो गए। सात फेरों संग अनुभूति और पीयूष शादी के बंधन में बंध गए। टीम इंडिया में साथी गेंदबाज रहे भुवनेश्वर, इरफान पठान एवं यूपीसीए के चयनकर्ताओं में शामिल ज्ञानेंद्र पांडेय खास मेहमान बने।
झिलमिल सितारों से सजे होटल ड्राइव इन-24 में महानगर की इस ‘खास’ शादी में शहर सहित बाहर से आए गणमान्य लोगों ने इस जोड़ी को नई जिंदगी की दिली मुबारकबाद दी।
क्रिकेटर पीयूष चावला और प्रेयसी से पत्नी बनी अनुभूति की शादी के लिए होटल ड्राइव इन-24 के फ्रंट लान को आकर्षक लुक दिया गया था। बीच में था भव्यता को अपने में समेटे सुनहरे कपड़ों का वह पंडाल जिसमें बने खूबसूरत स्टेज में पीयूष और अनुभूति ने एक दूसरे को जयमाला पहनाई।
एक ओर डीजे पर डांस था तो दूसरी ओर पकवानों से सजे पंडाल। फ्रंट लान में आइसक्रीम और मिष्ठान सहित लजीज नाश्ते में शामिल था साउथ इंडियन जायका तो डिनर के लिए फ्रंट लान के सामने बने हाल में था इंतजाम।
जयमाल के दौरान वर एवं वधू पक्ष सहित मेहमान भी इन यादगार पलों के साक्षी बन सके इसके लिए सजे धजे हाल में सभी के बैठने का बेहतर इंतजाम था। क्रिकेटर पीयूष की पत्नी अनुभूति मेरठ के सीएमओ डा. अमीर सिंह की बेटी हैं और पीयूष के बचपन का प्यार।
मेरठ और मुरादाबाद के तमाम अफसर, सियासी लोगों सहित पीयूष की विदेशी महिला मित्र भी इस शादी शामिल रहीं।