सीएचसी से प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर
बिलसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर अमृत में हुई वारदात
सड़क हादसे के मामले में सुलह कराकर घर लौट रहे दो युवकों के बीच गाली देने को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष ने दबंगई दिखाते हुए युवक से पहले मारपीट की। इसके बाद तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया। गोली युवक के घुटने में लगी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के नवदिया ताल्लुके रामपुर अमृत गांव निवासी रामेश्वर दयाल (30) पुत्र लालाराम ने बताया कि बुधवार शाम को उसकी भाभी सोमवती खेत पर शौच करने गई थी। वापस घर आते वक्त बाइक सवार ने उनको टक्कर मारकर घायल कर दिया। जिसके बाद बाइक सवारों को गांव के लोगों ने पकड़ लिया। उनकी सुलह कराने के बाद वह गांव के ही राजीव के साथ लौटकर घर आ रहे थे। इस बीच कराई गई सुलह को लेकर राजीव से उनकी गाली गलौज होने लगी। मामला कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है कि राजीव ने पीड़ित से मारपीट की। इसके बाद तमंचे से फायर कर जानलेवा हमला किया। गोली पीड़ित के घुटने में जा लगी। जिसके बाद पीछे से आ रहे ग्रामीण जमा हो गए। जिनको देख आरोपी भाग निकला। घायल को सीएचसी भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एसओ चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर राजीव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।