पूरनपुर। रामलीला मेला में झूले से गिरकर मोहल्ला कायस्थान निवासी शेखर (18) घायल हो गया। घायल को पुलिस सीएचसी लाई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीएचसी पहुंचे घायल के परिजन ने झूला संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। दोनों पक्षों में सीएचसी में नोकझोंक हुई।
घटना शनिवार को रामलीला मेला की है। रामलीला मेला का दिवाली से एक दिन पहले रावण वध और राजगद्दी शोभायात्रा के बाद समापन हो गया था। मगर खेल तमाशों और दुकानों को लगाने की 20 नवंबर तक स्वीकृत है। मेेला में भीड़ उमड़ रही है। शनिवार शाम को नाव वाले झूला पर शेखर बैठकर झूला झूल रहा था। इस दौरान झूला से शेखर गिरकर घायल हो गया। घटना पर दर्शकों में खलबली मच गई। आनन फानन में पुलिस ने शेखर को सीएचसी लाई। सीएचसी पहुंचे शेखर के परिजन ने झूला चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। झूला चालक और शेखर के परिजन में नोकझोंक हुई। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को बमुश्किल शांत किया। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद शेखर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संवाद