पीलीभीत। पीलीभीत-टनकपुर रेलखंड पर गौहनिया रेलवे क्राॅसिंग के समीप ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रेन भी कुछ देर ट्रैक पर रुक गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान नवाबगंज क्षेत्र के चायना गांव निवासी तबारक के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है।
बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे टनकपुर की ओर से पैसेंजर ट्रेन पीलीभीत आ रही थी। गौहनिया रेलवे क्रॉसिंग के निकट एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने ट्रेन रोक दी। करीब 10 मिनट तक ट्रेन रुकी रही। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस पहुंची।
शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए। करीब एक घंटे बाद शव की पहचान हो गई। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि युवक की पहचान तबारक (32) पुत्र मुन्नवर निवासी ग्राम चायना थाना नवाबगंज, बरेली के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इधर, घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों का कहना था कि युवक ट्रैक के करीब आकर लेट गया था। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया।