पीलीभीत। परिषदीय, माध्यमिक, निजी स्कूलों और मदरसों में कक्षा एक से 12वीं तक पंजीकृत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाए जाने में हीलाहवाली पर बीएसए सख्त हैं। जिले के 600 से अधिक निजी स्कूलों को नोटिस जारी करने के बाद बीएसए ने बरखेड़ा बीईओ को भी नोटिस किया है। इसके लिए दो दिन में जवाब मांगा है।
विद्यालयों में पंजीकृत कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण और अन्य जानकारियां दर्ज करने के लिए अपार आईडी बनाई जा रही है। इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश हैं। जिले के परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाए जाने की प्रगति तो ठीक है, लेकिन निजी स्कूलों में हीलाहवाली जारी है।
इसको लेकर बीएसए अमित कुमार सिंह ने करीब एक सप्ताह पूर्व जिले के 627 निजी स्कूलों को नोटिस जारी किए थे। सभी बीईओ को निर्देश जारी कर अपार आईडी के कार्य को प्राथमिकता से कराने को कहा था। अपार आईडी के कार्य में शिथिलता बरतने पर बीएसए ने बरखेड़ा खंड शिक्षाधिकारी अजय कुमार को नोटिस जारी की है। दो दिन में जवाब न देने की दशा में फरवरी के वेतन भुगतान पर रोक लगाने की चेतावनी दी है।