पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ उसी की कॉलोनी के युवक ने छेड़खानी की। शिकायत करने पर आरोपी के परिजनों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के एक कॉलोनी निवासी महिला ने सुनगढ़ी थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री से घर से बाहर निकलने पर युवक रवि छेड़खानी करता है। बेटी ने जब उन्हें बताया तो कई बार आरोपी युवक को समझाया, लेकिन फिर भी वह हरकतों से बाज नहीं आया।
शिकायत पर आरोपी पक्ष ने दी धमकी
आरोप है कि 17 अक्तूबर को सुबह उसकी पुत्री किसी काम के चलते घर से बाहर गई तो आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी कर अश्लील हरकतें की। घर आकर पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसपर वह शिकायत करने के लिए आरोपी के घर गए। उसके परिजनों ने जान से मारने की धमकी दी।
इंस्पेक्टर नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई पर अमल शुरू किया गया है।