बॉलीबाल मैच में खेलते हुए खिलाडी। स्राेत आयोजक
न्यूरिया। ब्लॉक अमरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायत टांडा विजेसी के हर्बल ग्रीन पार्क मैदान में चल रहे वॉलीबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में उत्तराखंड के दिनेशपुर की टीम विजेता रही।
टांडा यूथ क्लब की ओर से दिन-रात के वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ शनिवार को मुख्य अतिथि विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इससे शरीर स्वस्थ रहता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। टूर्नामेंट में बरेली, खटीमा, सितारगंज, गभिया कॉलोनी, महाराजपुर और दिनेशपुर कॉलोनी समेत कुल 16 टीमों ने भाग लिया। मुकाबले सुबह 11 बजे से देर रात तक चले। रात्रि आठ बजे खेले गए फाइनल मुकाबले में गभिया कॉलोनी की टीम का सामना उत्तराखंड की दिनेशपुर कॉलोनी टीम से हुआ। रोमांचक मुकाबले में दिनेशपुर कॉलोनी की टीम ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। अतिथियों ने विजेता टीम को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उपविजेता टीम को ट्रॉफी और सांत्वना पुरस्कार दिया।
आयोजन समिति में शामिल प्रधान रीना राय के पति मनोज राय ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों के माध्यम से एकजुट करना और उनमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट के सफल संचालन में पंचायत सचिव वीरेंद्र कुमार, रोजगार सेवक फिरोज खान, अभिषेक, विक्की और स्थानीय ग्रामीणों का योगदान रहा।