पुलिस लाइन में आयोजित वॉलीबॉल मैच में भिंड़तीं टीमें। स्रोत पुलिस
पीलीभीत। नए साल के अवसर पर पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में टीम ए ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। एसपी अभिषेक यादव ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
पुलिस लाइन में नए साल को उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ मनाने के उद्देश्य से रिक्रूट आरक्षियों के बीच वॉलीबॉल मैच कराया गया। प्रतियोगिता में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों की टीम ए और टीम बी ने भाग लिया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच अंक के लिए जबरदस्त संघर्ष रहा लेकिन निर्णायक क्षणों में टीम ए ने बेहतर तालमेल और रणनीति के बल पर बढ़त बनाते हुए प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता के समापन पर एसपी ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटकर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान सीओ सदर नताशा गोयल भी मौजूद रहीं।