कलीनगर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते अतिथि। स्रोत आयोजक
माधोटांडा। नगर पंचायत कलीनगर के रामलीला मैदान पर शनिवार से कलीनगर यूथ क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-3 का आगाज हुआ। पहले दिन केजीएन कलीनगर को हराकर मॉर्डन इलेवन कलीनगर की टीम ने उद्घाटन मैच में जीत दर्ज की।
चेयरमैन प्रतिनिधि एवं टूर्नामेंट आयोजक राजेश भारती ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। मॉडर्न इलेवन कलीनगर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। केजीएन कलीनगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में 106 रन बनाए। टीम के खिलाड़ी छोटू 21, टिंकू 18, वाशिद ने 11 रनों का योगदान दिया। जबकि मॉडर्न इलेवन के गेंदबाज आशिक और जुबैर ने 3-3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मॉडर्न इलेवन की टीम ने 15वें ओवर में सात विकेट से मैच जीत लिया। टीम के खिलाड़ी शादाब ने 56 रन की शानदार पारी खेली।
इस पर उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मैच देखने पहुंचे। इस दौरान पूर्व सभासद शिवराम सिंह यादव ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। आकाश पांडेय, अर्चित और दीपक ने निर्णायक, अरविंद यादव और कौशल पांडेय ने कॉमेंटेटर जबकि अनुराग पांडेय और परीक्षित पांडेय ने स्कोर की भूमिका निभाई।