पीलीभीत। अंगूरी देवी बालिका इंटर कॉलेज की ओर से शुक्रवार को गांधी स्टेडियम में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की मंडलीय विद्यालय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में पीलीभीत और बरेली की टीम ने शानदार जीत दर्ज की
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और एक शॉट लगाकर किया। प्रतियोगिता में बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत की टीमों ने हिस्सा लिया। अंडर-19 वर्ग के फाइनल में पीलीभीत और बरेली की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बरेली की टीम 92 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में पीलीभीत की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पांच विकेट से मुकाबला जीत लिया।
अंडर-17 वर्ग के फाइनल में बरेली और शाहजहांपुर की टीमें भिड़ीं। शाहजहांपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 78 रन बनाए जिसे बरेली की टीम ने केवल दो विकेट गंवाकर हासिल कर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं का चयन मंडलीय क्रिकेट टीम में किया है जो आगामी चार से आठ अक्तूबर तक कानपुर में होने वाली 69वीं प्रादेशिक बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका अमित विश्वकर्मा और दीपक शर्मा ने निभाई। शिप्रा, प्राची, मनीषा और विजयलक्ष्मी ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया। स्कूल की प्रधानाचार्या उपासना शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए चयनित खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।