कलीनगर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता टीम को दी गई ट्राफी। स्रोत आयोजक
माधोटांडा। कलीनगर के रामलीला मैदान में आयोजित यूथ क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-तीन का रविवार को फाइनल मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में विक्का इलेवन पीलीभीत की टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए नरेश पैंथर्स कलीनगर को हराकर चैंपियन बनी। विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया।
फाइनल मुकाबले में विक्का इलेवन पीलीभीत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नरेश पैंथर्स कलीनगर की टीम ने निर्धारित ओवरों में संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया। टीम की ओर से नईम ने शानदार 56 रन बनाए, जबकि रोहित ने 31, शाहरुख ने 16 और अभिषेक ने 12 रनों का योगदान दिया। पूरी टीम 19वें ओवर में 156 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विक्का इलेवन की गेंदबाजी में सद्दाम ने चार विकेट झटके। बंटी को दो विकेट लेने में सफलता मिली।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्का इलेवन पीलीभीत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। लारा ने शानदार 88 रनों की पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी। उनके अलावा हफीज ने 17, बंटी और आतिफ ने 15-15, अंकित ने 12 और सद्दाम ने चार रनों का योगदान दिया। टीम ने 15वें ओवर में मात्र चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नरेश पैंथर्स की ओर से अभिषेक, अभि, शुक्ला और नीरज को 1-1 विकेट मिला। मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए लारा को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सद्दाम को मैन ऑफ द सीरीज में वॉशिंग मशीन भेंट की।
समापन समारोह में चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश भारती ने विजेता टीम विक्का इलेवन पीलीभीत को 51 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता नरेश पैंथर्स कलीनगर को 30 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैच में कौशल पांडेय और दीपक यादव ने अंपायर की भूमिका निभाई। अरविंद यादव, सुतीक्ष्ण और अनुज पांडेय ने कमेंट्री की। जबकि अनुराग पांडेय ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर नगर और क्षेत्र के बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।