करणी सेना के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौड़
- फोटो : संवाद
पीलीभीत जिले में करणी सेना के जिलाध्यक्ष ने तीन युवकों पर रास्ते में घेरकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में घायल जिलाध्यक्ष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने थाना सुनगढ़ी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी करणी सेना के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि वह शनिवार शाम किसी काम से बरेली मार्ग की ओर गए थे। इसी दौरान देवहा पुल के समीप तीन युवकों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
गन्ने के खेत में खींचकर पीटा
इसके बाद आरोपी उन्हें जबरन गन्ने के खेत में खींच लिया, जहां बेरहमी से पीटा गया। मारपीट के दौरान रविंद्र सिंह राठौड़ बेहोश होकर गिर पड़े। आरोप है कि उन्हें मरा हुआ समझकर तीनों युवक मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद होश में आने पर उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी।
जानकारी मिलते ही सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि रविंद्र सिंह राठौड़ पर पूर्व में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्हीं पर हमले का आरोप है। मामले की जांच की जा रही है।