कलीनगर में क्रिकेट मैच के विजेता को किया गया पुरस्कृत। स्रोत आयोजक
माधोटांडा। नगर पंचायत कलीनगर के रामलीला मैदान पर चल रहे यूथ क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। इसमें पलास एकेडमी रुद्रपुर ने मॉडर्न इलेवन कलीनगर की टीम को 90 रनों से पराजित किया।
पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कलीनगर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पलास एकेडमी रुद्रपुर ने पहले खेलते हुए गगन ने 54, बंटा ने 25, रामू ने 23, अनिल ने 19, बाबू ने 18 और ब्रजेश ने 10 रनों की बदौलत निर्धारित 16 ओवर में नौ विकेट खोकर 182 रनों का स्कोर बनाया। मॉडर्न इलेवन कलीनगर की तरफ से राज ने तीन, जुबैर ने तीन, विपिन ने एक और फर्द ने एक विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मॉडर्न इलेवन कलीनगर की तरफ से बाला ने 34, रेहान ने 17, शब्लू ने 13 रन बनाए। शेष कोई भी बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सका और 14वें ओवर में 92 रन तक ही पहुंचकर ऑलआउट हो गई।
पलास एकेडमी रुद्रपुर टीम के गेंदबाज हिमांशु ने दो, गगन ने दो, अनिल ने दो, दीपचंद ने दो, अभिषेक और प्रदीप ने 1-1 विकेट हासिल किए। मैन ऑफ द मैच का खिताब 54 रन और दो विकेट की बदौलत गगन ने जीता। धीरज, रामकिशन और आकाश ने निर्णायक, अरविंद यादव और सुतीक्ष्ण ने कॉमेंटेटर, अनुराग पांडेय और परीक्षित पांडेय ने स्कोरर की भूमिका निभाई। इस दौरान नगर और क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।