प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखते शिक्षक, छात्र व खिलाड़ी स्रोत खेल विभाग
पीलीभीत। सांसद खेल महोत्सव के समापन पर बृहस्पतिवार को शहर के गांधी स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। प्रसारण प्रेरणा स्थल लखनऊ से किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद की मौजूदगी में जिले भर के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों ने सजीव प्रसारण देख प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों से खूब खेले और खूब खिलें की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाड़ियों का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। खिलाड़ियों ने कई स्तरों पर कई खेलों में पदक जीत कर दुनिया में अपना नाम रोशन किया है। उन्होंने देश के सांसदों से अपील की और कहा कि वह अपने क्षेत्र में खिलाड़ियों की पहचान करें। उन्हें अवसर प्रदान करें।
लाइव प्रसारण के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, एमएलसी डॉक्टर सुधीर गुप्ता, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, जिला युवा एवं कल्याण अधिकारी अमित कुमार, पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा, पूर्व विधायक किशनलाल आदि मौजूद रहे।