पूरनपुर। गजरौला थाना क्षेत्र में सड़क किनारे अचेत मिले गांव टांडा छत्रपति निवासी विनोद कुमार (33) की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।
विनोद गन्ना की खरीद-बिक्री करते थे। रविवार को बिक्री किए गए गन्ना का भुगतान लेने के लिए वह गजरौला थाना क्षेत्र के गांव लालपुर शिवनगर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। परिजनों ने बताया कि उनका एक दोस्त भी साथ था। विनोद ने साथी को लालपुर शिवनगर में छोड़कर कुछ देर में आने की जानकारी दी।
सोमवार शाम उनके गजरौला थाना के गांव बिहारीपुर के समीप सड़क किनारे अचेत पड़े होने की सूचना मिली। परिजन उन्हें घर ले आए। सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई। परिजनों ने कहा कि आशंका है कि विनोद की हत्या की गई है। इंस्पेक्टर क्राइम गजेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। संवाद