पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक दोपहर के वक्त खेत पर जाने की कहकर घर से निकला था। पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है।
पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में खेत पर गए युवक का शव पेड़ के फंदे से लटका मिला। काफी देर वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान युवक का शव गांव से ही एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित यूकेलिप्टिस के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव भैसाहा ग्वालपुर निवासी जीवनलाल ने बताया कि उनका पुत्र कीरत प्रसाद 22 वर्ष शनिवार दोपहर तीन बजे घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था। शाम होने के बाद भी जब वह घर वापस नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश की। शाम करीब छह बजे उनके पुत्र का शव गांव से ही करीब एक किलोमीटर की दूर स्थित पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। शव मिलने के बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
इसी साल अप्रैल में हुआ था विवाह
मृतक के पिता ने बताया कि उसके पुत्र का विवाह इसी वर्ष 24 अप्रैल हुआ है। कीरत उनका इकलौता पुत्र था। उसकी पत्नी कुछ दिन पूर्व मायके गई हुई थी। घर से खेत जाने से पूर्व पुत्र की ससुराल वालों से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद वह घर से चला गया। थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार के अनुसार युवक की मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगा। प्रथम दृष्टया जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है।