पीलीभीत। क्रॉप सर्वे में लापरवाही बरते जाने पर डीपीआरओ ने 58 पंचायत सहायकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसमें 23 से अधिक ऐसे पंचायत सहायक हैं, जिन्होंने अब तक इसका कार्य ही शुरु नहीं किया है। समयावधि में काम पूरा न होने पर संबंधित पंचायत सहायकों पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कृषि विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों में क्रॉप सर्वे कराया जा रहा है। इसमें पंचायती राज विभाग के ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को ड्यूटी पर लगाया गया है। क्राॅप सर्वे का कार्य लगभग एक माह पूर्व ही शुरु कराया जा सका है। इसके बाद भी पंचायत सहायकों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि बीसलपुर ब्लॉक के 58 ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों की ओर से कार्य में लापरवाही की जा रही है। इसके साथ ही 23 से अधिक ऐसे पंचायत सहायक हैं, जिन्होंने अबतक क्रॉप सर्वे का कार्य ही शुरु नहीं किया है। इससे कार्य काफी पिछड़ गया है।
ऐसे में बीसलपुर ब्लॉक के 58 पंचायत सहायकों को नोटिस जारी कर जल्द कार्य पूरा कराए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि समय रहते पंचायत सहायक अपनी पंचायतों का क्रॉप सर्वे कार्य पूरा कर लें। ऐसा न किए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि बीसलपुर ब्लॉक में पंचायत सहायकों की ओर से क्राॅप सर्वे कार्य में लापरवाही की जा रही है। ऐसे में इन्हें नोटिस जारी कर उनका जवाब मांगा गया है।