पीलीभीत। एक मजदूर को प्रेम प्रसंग की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। प्रेमिका के पिता ने बेटी का पीछा नहीं छोड़ने पर जान से मारने की धमकी दी, तो आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जहानाबाद क्षेत्र के कसबा सादात निवासी वीरेंद्र कुमार का 20 वर्षीय पुत्र हेमंत कुमार मजदूरी करता है। वीरेंद्र कुमार के छोटे भाई राकेश ने बताया कि उनके भतीजे हेमंत का प्रेम प्रसंग माधोटांडा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से चल रहा था। युवती के परिवार वालों को यह नागवार गुजर रहा था। इसलिए उन्होंने हेमंत को मारने की धमकी दी। आरोप है कि प्रेमिका के पिता ने पुत्री का पीछा नहीं छोड़ने पर जान से मारने की भी धमकी दी थी। इसी से आहत होकर हेमंत ने सोमवार रात साढ़े आठ बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। हालात बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान हेमंत की मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हेमंत के चाचा ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भतीजे ने प्रेमिका के पिता के उत्पीड़न के चलते जहर खाकर जान दी है। हालांकि परिवार वालों ने अभी किसी भी तरह की थाने में तहरीर नहीं दी है।