नौ बजे दफ्तरों में नहीं बैठ रहे अफसर
बरेली से अप डाउन करते हैं जिलास्तरीय अधिकारी
योगी राज में सभी अधिकारियों को प्रात: नौ बजे से कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई के आदेश किए गए है लेकिन जिले के अधिकांश अधिकारियों पर इसका असर नहीं दिखाई दे रहा है। अधिकांश अधिकारी नौ बजे के बाद दफ्तर पहुंच रहे हैं। इनमें कुछ तो बरेली से अपडाउन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को अमर उजाला टीम ने विकास भवन पहुंचकर कार्यालयों की हकीकत परखी। इसमें सुबह 9.40 बजे तक कई अधिकारी नदारत मिले, हालांकि सीडीओ ठीक नौ बजे अपने कार्यालय में उपस्थित थे।
अमर उजाला टीम सुबह 8.40 बजे जब विकास भवन पहुंची तो अधिकांश कार्यालयों में साफ सफाई हो चुकी थी। जबकि कुछ में सफाई चल रही थी। इस दौरान सबसे पहले 9.55 बजे जिला कृषि अधिकारी उमेश साहू पहुंचे, इसके बाद डास्प के जिला समन्वयक और उसके बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी पहुंचे। तीनों अधिकारियों के कार्यालय बंद थे, जिसके चलते उन्हें दूसरे कक्ष में बैठकर इंतजार करना पड़ा। इसके बाद ठीक 9.01 मिनट पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार सिंह विकास भवन में दाखिल हुए। सीडीओ के बाद टीम ने विभिन्न कार्यालयों में जाकर स्थिति देखी। कई अधिकारियों की कुर्सियां खाली मिलीं। हालांकि कुछ अधिकारी कुछ वलंब से पहुंचे लेकिन कुछ तो 9.50 तक भी नहीं पहुंचे।
टाइम लाइन (आगमन)
क्रम समय अधिकारी
1. 8.55 जिला कृषि अधिकारी
2. 8.57 परियोजना समन्वयक डास्प
3. 8.59 जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी
4. 9.00 जिला समाज कल्याण अधिकारी
5. 9.01 मुख्य विकास अधिकारी
6. 9.18 डीपीआरओ
7. 9.25 परियोजना अधिकारी डूडा
8. 9.30 जिला युवा कल्याण अधिकारी
9. 9.34 एआर कोआपरेटिव
10. 9.40 जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी
डबल चार्ज से दिक्कत
विकास भवन में सुबह नौ बजे डीसी मनरेगा की कुर्सी खाली मिली। जानकारी करने पर वह मरौरी ब्लाक में उपस्थित पाए गए। दरअसल उनके पास डीसी मनरेगा के साथ मरौरी ब्लाक के बीडीओ का भी चार्ज है। ऐसे में वह एक समय में एक ही कार्यालय में जनसमस्याएं सुन पा रहे हैं।
9.50 तक खाली रही इनकी कुर्सियां
जिला प्रोबेशन अधिकारी, नेडा अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, समाज कल्याण (विकास)
यह बताए गए आउट ऑफ स्टेशन
परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला पछिड़ा/विकलांग कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी
विकास भवन के सभी अधिकारियों को एक दिन पूर्व ही पत्र जारी कर समय से बैठने के निर्देश दिए गए हैं। समय से न बैठने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. दिनेश कुमार सिंह, सीडीओ