कलीनगर में आयोजित दंगल में भिड़ते पहलवान। स्रोत आयोजक
कलीनगर। नगर पंचायत कलीनगर के ठाकुरद्वारा मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में चल रहे तीन दिवसीय श्रीकृष्ण लीला मेले का शनिवार को कलीनगर-जमुनिया रोड पर कंसवध के साथ समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन आयोजित विराट दंगल में दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों ने जोर आजमाइश कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। शादाब पहलवान गहलुईया और गुलाम नबी पहलवान बरेली के बीच हुई कुश्ती बराबर में रही।
नगर पंचायत कलीनगर के चेयरमैन के प्रतिनिधि राजेश भारती की ओर से आयोजित दंगल में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, मेरठ, अमरिया, अमरैया, जमुनिया, गहलुईया और कलीनगर समेत कई स्थानों से पहलवान पहुंचे। मुकाबलों में राजा मेरठ ने इरफान खाते और रवि मिलक के पहलवान को हराया। शानू नूरपुर ने रोहित गोला के पहलवान, इरफान खाते और हसनैन बरेली को शिकस्त दी। सत्यपाल यादव राजपुर ने अखिलेश कलीनगर और प्रियांश कुमार अमरिया को हराया।
अमन शिवनगर ने मोहन सिसैया और सूरी जमुनिया के पहलवान को पराजित किया। हसनैन बरेली ने नरेश बड़ेपुरा को हराया। राजीव कढ़ेरचौरा ने राहुल पालिया और रोहित गोला के पहलवान को मात दी। वहीं अंकित अमरैया ने उमेश नवदिया घिसी के पहलवान को हराया। काला पहलवान ने शानू नूरपुर को शिकस्त दी। शादाब गहलुईया ने राहुल पालिया और हसनैन बरेली को पराजित किया। इसके अलावा रोहित धर्मापुर के पहलवान ने अमन गोला के पहलवान को, काला बदायूं ने चंद्रसेन शाहजहांपुर के पहलवान को, गुलाम नबी बरेली ने शबाब खान गहलुईया के पहलवान को और हरविंदर पचपेड़ा ने रामरतन कलीनगर को हराकर इनाम जीता।
सत्यपाल यादव राजपुर और ओमकार के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। अखिलेश कलीनगर और हिमांशु की कुश्ती भी बराबरी पर रही। दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला झंडी की कुश्ती में शादाब पहलवान गहलुईया और गुलाम नबी पहलवान बरेली के बीच हुआ। करीब आधे घंटे तक चले मुकाबले में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इस पर चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश भारती ने दोनों पहलवानों को 2600-2600 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।