संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मेरा तालाब मेरी जिम्मेदारी अभियान के द्वितीय चरण में जिले के 100 तालाबों को ग्रे-वॉटर और प्लास्टिक मुक्त मॉडल तालाब के रूप में विकसित किया जाना है। समीक्षा में 58 तालाबों पर अब तक काम शुरू नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है।
समीक्षा में विकासखंड अमरिया के आठ, बरखेड़ा के 13, बिलसंडा के नौ, बीसलपुर के 10, ललौरीखेड़ा के सात, मरौरी के सात और पूरनपुर के चार तालाबों पर कार्य शुरू नहीं पाया गया। इस पर सभी सहायक विकास अधिकारी पंचायत, संबंधित कंसल्टिंग इंजीनियर और खंड प्रेरकों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ग्राम पंचायतवार समीक्षा कर एक सप्ताह में कार्य में सुधार लाने को कहा गया है। सुधार नहीं होने पर वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर अगले सप्ताह फिर ग्राम पंचायतवार समीक्षा होगी। जिन ग्राम पंचायत सचिवों के कार्यक्षेत्र में चिन्हित तालाबों का वीओडी/सीओडी चेक नहीं पाया गया अथवा तालाब पर काम शुरू नहीं मिला, उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि पंचायत सचिव को नोटिस जारी किया गया है। दोबारा फिर समीक्षा की जाएगी। लापरवाही मिलने पर उनका वेतन रोका जाएगा।