उड़रा भदसरा गांव के पास कैलाश नदी में काम करते मज़दूर
अमरिया। तहसील क्षेत्र के गांव उड़रा, भदसरा और बिरहनी कों कैलाश नदी के कटान से बचाव के लिए कार्य मंगलवार से फिर शुरू कर दिया गया। पांच दिन से काम ठप होने का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद यहां कार्य दोबारा शुरू कराया गया है।
कटान रोकने के लिए नदी किनारे स्लोप पिचिंग और कटान निरोधक दीवार निर्माण का कार्य 21 अप्रैल को शुरू हुआ था। ठेकेदार की ओर से कैलाश नदी में पिचिंग बनाने के लिए सीमेंट के खाली कट्टों में रेत भरने और नदी की धारा मोड़ने के उद्देश्य से जेसीबी मशीन से खोदाई कराई गई थी। शुरुआती पांच दिनों तक मजदूरों ने तेजी से काम किया। इसके बाद में मजदूरों के चले जाने के कारण करीब 15 दिनों तक परियोजना का कार्य पूरी तरह बंद रहा।
मंगलवार को कैलाश नदी से कटान रोकने के लिए शुरू हुआ काम पांच दिन बाद थमे होने की खबर छपने का बाढ़ खंड के अधिकारियों ने संज्ञान लिया और काम दोबारा शुरू कराया। वहीं, अवर अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि गांव उड़रा और भदसरा क्षेत्र में स्लोप पिचिंग एवं कटान निरोधक दीवार निर्माण कार्य फिर से शुरू करा दिया है। वर्तमान में 27 मजदूरों को कार्य में लगाया है। मजदूरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। 30 मई तक पिचिंग का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। संवाद