पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। शासन के निर्देश पर इस बार जिले में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं 1.68 लाख तिरंगा झंडों का निर्माण करेंगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत यह जिम्मेदारी समूहों को सौंपी गई है, जिससे महिलाओं को रोजगार के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलेगा।
जिले में सक्रिय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने तिरंगा निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्धारित मानकों के अनुरूप झंडों की सिलाई और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि समय से सभी विभागों और आमजन तक तिरंगे उपलब्ध कराए जा सकें। अभियान के तहत तैयार झंडों का उपयोग सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन की उपायुक्त वंदना ने बताया कि शासन की ओर से लक्ष्य भेज दिया गया है। जल्द ही झंडों को तैयार किया जाने लगेगा।