Women accused of trying to kidnap
- फोटो : Women accused of trying to kidnap
एक महिला ने घर में घुसकर अगवा करने की कोशिश और 15 हजार रुपये लूटे जाने का आरोप लगाया है। एसएचओ का कहना है कि घटना संदिग्ध है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव बरहा निवासी जगरानी का कहना है कि पांच साल पहले उनके पति राजेश की मौत हो गई। पूरनपुर के कुछ लोगों से उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जोकि न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का कहना है कि शुक्रवार सुबह चार बजे आरोपी घर में घुस आए। गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उनका अपहरण करने की कोशिश की। इस दौरान बक्से में रखे पंद्रह हजार रुपये लूट लिए। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के कई लोग आ गए। जिन्हें देखकर आरोपी पकड़े जाने के डर से भाग गए। एसएचओ गोपीचंद यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर एसआई योगेंद्र बहादुर सिंह को जांच के लिए मौके पर भेजा गया था। जिसमें मामला पूरी तरह से संदिग्ध निकला है। महिला के रिश्तेदार, मकान मालिक और पड़ोसियों को घटना का पता नहीं है। उन्होंने कोई शोर भी नहीं सुना। उधर मकान मालिक ने भी महिला पर मकान खाली न करने का आरोप लगाया है। मामला रंजिशन आरोप लगाने का निकल रहा है, जांच की जा रही है।
आखिर पुलिस ने दर्ज की महिला की रिपोर्ट
घटना की शिकायत मिलने पर मौका मुआयना करने के बाद से सुनगढ़ी पुलिस घटना की सत्यता पर सवाल खड़े कर रही थी। इसको रंजिशन फंसाने की खातिर बताया गया। अफसरों के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने आखिरकार मुकदमा दर्ज कर लिया। तहरीर के आधार पर पूरनुपर के गनेशगंज निवासी अशोक खंडेलवाल, गड़ा ग्राम नरायनपुर निवासी गोविंद शर्मा, भावना शर्मा को नामजद करते हुए लूट, मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी के आदेश पर मारपीट और छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज
माधोटांडा। क्षेत्र की एक युवती ने बताया कि उसके परिवार का गांव के ही संजीव कुमार से जमीन का विवाद है। 26 जून को आरोपी संजीव अपने साथी प्रदीप कुमार और मनोज कुमार उक्त विवाद को लेकर घर में घुस आए और गाली देना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता से मारपीट की। छेड़छाड़ करने का भी आरोप है। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। इसकी शिकायत थाना पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने अनसुना कर दिया। हताश पीड़िता ने एसपी से मुलाकात कर शिकायत की, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई की गई है। एसएचओ माधोटांडा मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि एसपी के आदेश पर मारपीट और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया है।