फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: हत्या कर गन्ने के खेत में फेंका महिला का शव

विज्ञापन
मृतक महिला का फ़ाइल फोटो
विज्ञापन
जहानाबाद। थाना क्षेत्र में बकरी चराने गई एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उनके शव को फेंक दिया गया। महिला का शव बृहस्पतिवार को गांव से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एसपी सुकीर्ति माधव और सीओ सदर नताशा गोयल ने भी मौका मुआयना किया। पोस्टमाॅर्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
विज्ञापन

थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम पंसौली निवासी 55 वर्षीय धनदेवी पत्नी मंशाराम बुधवार दोपहर करीब एक बजे घर से बकरी चराने के लिए खेत की ओर गई थीं। शाम के समय उनकी बकरियां तो घर वापस आ गईं, लेकिन धनदेवी घर नहीं लौटीं। काफी देर तक महिला के वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के खेतों व इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
बृहस्पतिवार सुबह परिजन और ग्रामीण दोबारा खेतों की ओर महिला की तलाश में निकले। सुबह करीब 11 बजे गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक गन्ने के खेत में धनदेवी का शव पड़ा मिला। शव के गले में उसकी ही साड़ी का फंदा कसा हुआ था। मौके पर महिला की एक चप्पल नहर किनारे और दूसरी गन्ने के खेत के भीतर मिली। इससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
विज्ञापन

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फील्ड यूनिट की मदद से जांच की। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सुकीर्ति माधव और सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। संवाद

परिजनों ने किसी से रंजिश होने की बात से किया इन्कार

परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश होने से इन्कार कर दिया। परिजनों का कहना है कि धनदेवी का पास मोबाइल फोन भी था, जो गायब है। मोबाइल बुधवार से बंद आ रहा है। बृहस्पतिवार देर शाम आई पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा शरीर पर अन्य मामूली चोटों के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने हर पहलू पर जांच शुरू कर दी है। मृतका के परिवार में पति, एक पुत्र और एक पुत्री है।
महिला का पुत्र उत्तराखंड के टनकपुर में रहकर ड्राइवरी का काम करता है, जबकि पुत्री की शादी हो चुकी है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। मामले में हर पहलू पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें