जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। जहानाबाद थाना क्षेत्र के मानपुर चौराहे पर दिवाली के दिन शहर से खरीदारी कर लौट रहे बाइक सवारों को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। वहीं बिलसंडा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को रोडवेज से कुचलकर मायके जा रही बेहटा निवासी महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजे हैं।
जहानाबाद। थाना क्षेत्र के गांव निमाजडांडी निवासी 35 वर्षीय धर्मपाल अपने भतीजे लालकुंवर के साथ बाइक से खरीदारी करने पीलीभीत गए थे। दोपहर करीब दो बजे दोनों गांव आ रहे थे। मानपुर चौराहे के निकट पीछे से आ रही ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका भतीजा लालकुंवर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और घरवालों को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायल को जिला अस्पताल भेजा। जहां हालत गंभीर होने पर उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। त्यौहार के दिन युवक की मौत से घर में कोहराम मच गया। गांव में भी सन्नाटा छा गया।
सूना हो गया दिवाली का त्यौहार
निजामडांडी निवासी धर्मपाल चार भाईयों में सबसे छोटा था। उसके तीन बड़े भाई रामचंद्र, रामपाल और सोमपाल हैं। त्योहार के दिन वह कुछ देर में आने की बात कहकर भतीजे लालकुंवर के साथ दिवाली का सामान लेने शहर गया था लेकिन वह कभी लौट कर नहीं आएगा ऐसा किसी ने नहीं सोचा था। दोपहर को जब उसकी मौत की खबर घर में पहुंची तो काम में व्यस्त उसकी पत्नी ओमवती पर तो जैसे ही बिजली की गिर गई। त्यौहार के दिन धर्मपाल की मौत से जहां दिवाली का त्यौहार सूना हो गया वहीं तीन बच्चों क्रमश: विशाल, लक्ष्मी और विकास के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए हट गया।
रोडवेज से कुचलकर महिला की मौत
थाना क्षेत्र के गांव बेहटा निवासी 45 वर्षीया ईश्वरवती बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे बीसलपुर जाने के लिए बस स्टैंड गई थीं। बस की प्रतीक्षा करते समय बीसलपुर से आ रही रोडवेज बस से ने उन्हें टक्कर मार दी। बस के नीचे आकर कुचलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक कुछ दूरी पर बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर उनके घर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचें। मृतका के पुत्र अर्जुन प्रसाद ने बताया कि उनकी मां भैयादूज पर मायके जिला शाहजहांपुर थाना निगोही क्षेत्र के गांव पतराजपुर जाने को घर से निकली थीं। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। अर्जुन प्रसाद ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना से मृतका के पति द्वारिका प्रसाद, पुत्र अर्जुन प्रसाद, प्रमोद कुमार, शिवकुमार, रामू और पुत्री बिटाना देवी का रोते रोते बुरा हाल हो रहा है।