घुंघचाई। पति के साथ खेत की रखवाली करने गई विवाहिता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। करीब एक घंटे बाद पति खेत पर वापस पहुंचा तो पत्नी गायब मिली। उसका दुपट्टा और चप्पलें हरदोई ब्रांच नहर की पटरी पर रखी मिलीं। इससे उसके नहर में कूदने की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। नहर में डूबने की आशंका को देखते हुए बाढ़ राहत टीम को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया गया। विवाहिता का कोई सुराग नहीं मिल सका है। उसके लापता होने के पीछे की वजह भी कोई नहीं बता पा रहा है। घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव दिलावरपुर निवासी अशोक कुमार की शादी करीब दस वर्ष पहले उत्तराखंड के गांव सैजनिया निवासी लक्ष्मी देवी के साथ हुई थी। अशोक कुमार एक किसान के खेत की रखवाली कर परिवार का पालन-पोषण करता है। खेत हरदोई ब्रांच नहर की पटरी के किनारे दंदौल और टूटे पुल के बीच स्थित है।
पति अशोक कुमार के अनुसार, वह रविवार को पत्नी लक्ष्मी देवी को लेकर ससुराल से वापस गांव आया था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह पत्नी के साथ गांव सिमराया निवासी एक किसान के खेत की रखवाली करने पहुंचा। खेत हरदोई ब्रांच नहर की पटरी से सटा हुआ है। अशोक ने बताया कि कुछ देर बाद वह पत्नी को खेत पर छोड़कर पास के दूसरे खेत की ओर चला गया। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो पत्नी मौके पर नहीं मिली।
पत्नी के अचानक गायब होने पर उसने आसपास के खेतों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की। इसी दौरान हरदोई ब्रांच नहर की पटरी पर लक्ष्मी का दुपट्टा और चप्पलें मिलीं। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई तो परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन विवाहिता का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने लक्ष्मी के नहर में कूदने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली और विवाहिता की तलाश शुरू कराई। नहर में डूबने की आशंका को देखते हुए बाढ़ राहत टीम को बुलाया गया। टीम ने नहर में संभावित स्थानों पर तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस की ओर से सिंचाई विभाग को भी सूचना देकर नहर में पानी कम कराने की मांग की गई है।
नहर में तलाश अभियान की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से भी विवाहिता के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी तलाश कराई जा रही है। पुलिस विवाहिता के अचानक लापता होने के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। संवाद