पीलीभीत के पूरनपुर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दिया। उन्होंने अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया।
पीलीभीत के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती प्रसूता की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
विज्ञापन
पूरनपुर कोतवाली के गांव कपूरपुर निवासी सोनू ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी रूबी (28) को शनिवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रात के समय रूबी ने एक पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के कुछ देर बाद रूबी की तबीयत बिगड़ने लगी।
आरोप: इलाज के बजाय कर दिया रेफर
सोनू ने आरोप लगाया कि अस्पताल के चिकित्सकों ने इलाज के बजाय प्रसूता को पीलीभीत रेफर कर दिया। एंबुलेंस से शहर ले जाते समय रास्ते में रूबी की मौत हो गई। इसके बाद परिजन उसका शव लेकर निजी अस्पताल वापस आ गए।
विज्ञापन
नाराज परिजनों ने अस्पताल स्टॉफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।