पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को बेरहमी से पीटा गया। यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे जहर देकर मारने का प्रयास किया। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम ढकिया नथा निवासी तारावती पुत्री नंदराम ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2024 को बरेली के थाना नवाबगंज के ग्राम परोथी निवासी अनिल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति अनिल, ससुर पोपराम, सास शीला देवी, जेठ ताराचंद, जिठानी उषा, छोटे जेठ मनोज, जिठानी सोनम, देवर उमेश और देवरानी सोनी ने दहेज में एक लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करने लगे और आए दिन मारपीट करते थे।
पति और देवर ने पीटा
विवाहिता ने बताया कि 26 सितंबर को पति अनिल ने फावड़े के डंडे से और देवर ने बेल्ट से उसकी पिटाई की। विरोध करने पर उसे जबरन जहर पिलाकर मारने की कोशिश की गई। सूचना मिलने पर उसके पिता मौके पर पहुंचे, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज कर उन्हें वहां से भगा दिया। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह अपने मायके पहुंची। उसने अपना उपचार कराया। इसके बाद उसने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।