पूरनपुर। पति को भूसा के व्यापार के लिए पिता से दिलाए रुपये वापस मांगने पर विवाहिता और उसके पिता से गाली-गलौज कर पिटाई कर दी। बाद में कम दहेज का ताना देकर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने विवाहिता के पति और ननदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
माधोटांडा निवासी साजिया बेगम ने बताया कि 21 जून 2023 को उसने अपने पति मोहल्ला साहूकारा निवासी जावेद को पिता से भूसा के व्यापार के लिए 6.70 लाख रुपये उधार दिलवाए थे। पति ने चार महीने के बाद उधारी वापस करने का वायदा किया था। निर्धारित समय पूरा होने पर पिता के रुपये वापस करने में पति ने टाल मटोल शुरू कर दी।
20 मई 2024 को माधोटांडा के गोमती उद्गम स्थल पर पिता के साथ पति से मिली। तब पिता के तकादा करने पर पति जावेद ने रुपये देने से साफ तौर पर मना कर दिया। उसे और उसके पिता को गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध पर अपने बहनाेई फिरोज अली के साथ मिलकर उसकी और उसके पिता की पिटाई कर दी। शिकायत करने पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप है कि बाद में कम दहेज का ताना देकर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। आरोप है कि इसके बाद उसके पति ने तीसरा विवाह कर लिया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने उसके मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया। जहां उसके मामले को निरस्त कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने एसपी के आदेश पर साजिया की ओर से उसके पति और ननदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दहेज हत्या में आरोपी जेठ का किया चालान
पूरनपुर। मोहल्ला लाइनपार साहूकारा निवासी सोवरन वर्मा उर्फ अमन की पत्नी माधुरी देवी की घर के बाहर पेड़ से लटकाकर 23 अप्रैल को हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने माधुरी के पिता गांव महादिया निवासी मथुरा प्रसाद की ओर से माधुरी के पति, उसके भाई, ससुर, सास और दो ननद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने सोवरन वर्मा को गिरफ्तार कर उसका चालान किया था।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि माधुरी के जेठ विशाल वर्मा को रविवार को गिरफ्तार कर उसका चालान किया गया। माधुरी ने एक साल पहले सोवरन वर्मा से प्रेम विवाह किया था। बाद में दहेज में बाइक और एक लाख रुपये की मांग की जाने लगी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसकी पेड़ से लटकाकर हत्या की गई थी। संवाद