पीलीभीत टाइगर रिजर्व के चूका बीच के आसपास बाघ और भालू देख गए हैं। वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता के चलते फिलहाल रात्रि विश्राम सेवा बंद रहेगी। वन विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए ये फैसला लिया है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के प्रमुख पर्यटन स्थल चूका इको टूरिज्म स्पॉट (चूका बीच) पर रात्रि विश्राम सेवा फिलहाल शुरू नहीं की जाएगी। इस क्षेत्र में एक बार फिर बाघों समेत अन्य वन्यजीवों की गतिविधियां मिलने के बाद वन विभाग ने सुरक्षा कारणों से बुकिंग बंद रखने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
पीटीआर का पर्यटन सत्र 15 जून तक संचालित होता है। चूका इको टूरिज्म में सात मई से रात्रि विश्राम की बुकिंग बंद है। इससे पहले परिसर और आसपास बाघों व शावकों की मौजूदगी कैमरों में कैद हुई थी।
बाघों के पगचिह्न देखे गए
हाल ही में फिर बाघों के पगचिह्न और चहलकदमी देखी गई, जबकि मार्ग पर भालू की भी मौजूदगी दर्ज की गई है। इसे देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और वन कर्मियों की तैनाती की गई है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए अग्रिम आदेशों तक रात्रि विश्राम सेवा शुरू नहीं होगी। पूर्व में निगरानी के लिए हाथियों की भी तैनाती की गई थी।
विज्ञापन
हालांकि लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही चूका बीच खोल दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होने से सैलानियों का और इंतजार और बढ़ गया है। डीएफओ मनीष सिंह ने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। फिलहाल चूका में रात्रि विश्राम की अनुमति नहीं दी जाएगी।