पूरनपुर। शारदा नदी के धनाराघाट के आसपास बाघ की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है। अब बाघ ने नदी किनारे एक जंगली सुअर को निवाला बनाया। बाघ की निगरानी में संपूर्णानगर रेंज की टीम लगी है। मगर कार्रवाई औपचारिकता में सिमटकर रह गई है।
धनाराघाट के समीप गन्ने के खेत से निकले बाघ ने 25 जनवरी को गांव नहरोसा निवासी कासिम उर्फ कल्लू को हमला कर मार दिया था। इसके बाद मंगलवार को बाघ ने धनाराघाट रोड से निकल रही एक कार पर हमला करने की कोशिश की थी। बुधवार को गांव हजारा निवासी गुरदीप के खेत में बाघ दिखाई दिया था। बृहस्पतिवार शाम को भी बाघ की दस्तक बनी रही। बाघ ने देर शाम जंगली सुअर को निवाला बना लिया। सूचना पर सूचना पर संपूर्णानगर रेंज के कर्मचारी, एसओ हजारा उमेश सोलंकी मौके पर पहुंचे। टीम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की। शुक्रवार को भी बाघ की चहलकदमी का शोर मचा रहा। एसओ हजारा ने बताया कि ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया गया है। वन विभाग की टीम भी लगी हुई है।