पूरनपुर। गांव लुकटिहाई के पास एक दिन पूर्व खेत में मृत मिले सारस का सैंपल लेने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और दफना दिया गया। सैंपल जांच को बरेली भेजा जाएगा। उधर, सारस की मौत के बाद अब गांव कसगंजा के पास कौआ का शव मिला। पशुपालन विभाग की टीम ने सैंपल लेकर उसे दफनवा दिया।
गांव लुकटिहाई के समीप एक खेत में बृहस्पतिवार को सारस का शव मिला था। वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम ने शव कब्जे में लेकर पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया। फिर वन विभाग की टीम ने सारस के शव को रेंज कार्यालय परिसर में दफन करा दिया। बर्ड फ्लू की जांच के लिए इससे पूर्व सैंपल लिया गया है। दूसरे दिन शुक्रवार को गांव कसगंजा के पास गांव के रामपाल भारती की खाद की दुकान के सामने कौआ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसकी सूचना पशु पालन विभाग को दी गई। डिप्टी सीवीओ डॉ. राजीव मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सारस की मौत बिजली हाईटेंशन लाइन से टकराने से होना पाया गया। फिर भी सैंपल लिया गया है। जांच को सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजा जाएगा। कौआ का भी सैंपल कराकर उसे दफनवा दिया गया है। कौवा का भी सैंपल बरेली आईवीआरआई भेजा जाएगा।