बीसलपुर। पात्र होने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास का लाभ न मिलने की शिकायत पर जांच करने पहुंचे सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) को शिकायतकर्ता महिला का दो कमरों का पक्का मकान बना मिला। जिसका वीडियो बनाने पर महिला ने विरोध किया तो नोकझोंक हुई। विरोध के चलते जांच अधिकारी लौट आए।
गांव चुर्रासकतपुर निवासी की एक महिला ने बीडीओ लक्ष्मण प्रसाद को पत्र देकर कहा था कि उनका कच्चा घर है जो बारिश में बुरी तरह टपकता है। गरीब होने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास का लाभ नहीं दिया गया। बीडीओ के निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) अवनीश राठौर सोमवार को उक्त महिला के घर का निरीक्षण करने पहुंचे।
यहां जांच में शिकायतकर्ता का दो कमरों का पक्का मकान बना मिला। जिसमें प्लास्टर और फर्श भी था। शिकायतकर्ता ने पशुशाला को जांच में शामिल करने की बात कही। जांच अधिकारी ने वीडियो बनाना चाहा तो शिकायतकर्ता महिला विरोध करने लगी। इसको लेकर नोकझोंक भी हुई। मौके पर भीड़ जमा देख जांच अधिकारी लौट आए और बीडीओ को रिपोर्ट सौंपी।
बीडीओ ने बताया कि जांच के आधार पर महिला प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्र नहीं है। हालांकि मंगलवार को वह स्वयं भी गांव जाकर जांच करेंगे।