दूसरे दिन पीटीआर में रौनक लोगों को हुए बाघ के दीदार
पीटीआर के नए पर्यटन सत्र के दूसरे दिन रविवार को भी सैलानियों की आमद से चूका बीच गुलजार रहा। सर्वाधिक रौनक मुस्तफाबाद स्थित बुकिंग पर देखी गई। जंगल सफारी के दौरान सैलानियों को बाघ के दीदार भी हुए। महोफ रेंज में स्थित पीटीआर का प्रमुख पर्यटन स्थल चूका बीच सैलानियों को काफी पसंद आता है। नए सत्र का शुभारंभ इस बार एक नवंबर किया गया। शनिवार को वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने बराही के नए पर्यटन गेट से सत्र का शुभारंभ किया था।
रविवार को छुट्टी के दिन सैलानी बेहतर संख्या में पीटीआर घूमने पहुंचे। बनकटी के महोफ गेट नंबर एक के अलावा मुस्तफाबाद और बराही स्थित बुकिंग काउंटर पर भी सैलानियों की आमद हुई। बुकिंग कराने के बाद कुछ अपने दोस्तों तो कुछ अपने परिवार के साथ जंगल भ्रमण के लिए रवाना हुए। हालांकि तीनों बुकिंग स्थलों में से मुस्तफाबाद पर सैलानियों की अधिक भीड़ देखी गई। दोपहर बाद की जंगल सफारी से सैलानी अधिक घूमे। बाघ भी देखने को मिला। रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि सैलानियों की सुविधा के साथ ही जंगल के नियमों का पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है। सैलानियों की आमद जारी है।
होम स्टे संचालकों के भी खिले चेहरे
चूका बीच गुलजार होने लगा है और हटों की एडवांस बुकिंग होने लगी। जंगल से सटे इलाकों में बने होम स्टे संचालकों के चेहरे भी खिल गए। सैलानियों ने होम स्टे में भी बुकिंग करानी शुरू कर दी है। मुस्तफाबाद के आसपास करीब छह होम स्टे हैं। बराही गेट के पास भी एक होम स्टे है। हरदोई ब्रांच नहर पर कलीनगर से शाहगढ़ के बीच भी दो होम स्टे बने हैं।