वल्लभनगर कॉलोनी में दोपहर तक डूबी रहीं कई सड़कें
शहर के वल्लभनगर कॉलोनी में बीते साल नाला नहीं बनने की समस्या के चलते कॉलोनी में जलभराव था, लेकिन मालगोदाम मार्ग से नाला बनने के बाद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। शनिवार सुबह वल्लभनगर कॉलोनी में समय पर तलीझाड़ नाला सफाई नहीं होने के चलते कई कॉलोनी के कई मार्ग दोपहर तक जलमग्न रहे। लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नाला सफाई के बाद भी सुनगढ़ी में जलभराव
हाल ही में गांधी स्टेडियम के नाला सफाई के दौरान बिन मौसम मोहल्ले की गलियों में पानी भरा रहा, उस वक्त नगर पालिका ने बिन मौसम गलियों के भरने पर बताया था कि बंधा लगाकर नाले की सफाई चल रही है। एक-दो दिन की परेशानी के बाद बरसात में भी गलियों में पानी नहीं भरेगा, लेकिन शनिवार सुबह गांधी स्टेडियम से जाने वाली मोहल्ले की दोनों मुख्य गलियों में एक फिट तक जलभराव रहा, जबकि शाम तक जलनिकासी भी नहीं हो पाई।
गड्ढों में चला गया रामलीला मार्ग
शहर से सटे रामलीला मार्ग से असम मार्ग तक जाने वाला रास्ता लोगों के लिए आफत बन गया है। डेढ़ साल से निर्माण नहीं होने के चलते बरसात में अब इस मार्ग में जलभराव होने लगा है। शनिवार सुबह भी बरसात के बाद पूरे दिन मार्ग पर गहरे गड्ढों में सड़क पूरी तरह से डूब गई, मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि शहर में जलभराव न हो, इसके लिए लगातार बरसात में वार्डों में टीमें सफाई के लिए सक्रिय रहती हैं। नाला सफाई भी तलीझाड़ स्थिति में कराया गया है, मामूली जलभराव के अलावा कहीं स्थिति खराब नहीं है।