बीसलपुर। मरीज को चारपाई पर लेकर जाने की फोटो वायरल होने के बाद अफसर हरकत में आए हैं। डीएम के निर्देश पर बीडीओ ने गांव दुबहा की सड़कों और गलियों में भरा बाढ़ और बारिश का सारा पानी पंपिंग सेट से निकलवा दिया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली है।
गांव की सड़कों और गलियों में पिछले एक सप्ताह से बारिश व बाढ़ का पानी भरा था। जलभराव से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। सबसे अधिक समस्या महिलाओं और बच्चों को हो रही थी। बच्चे गांव में ही स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने भी नहीं जा पा रहे थे। जलभराव के कारण ग्रामीणों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई थी। रविवार को मरीज को चारपाई पर लेकर जाने का फोटो-वीडियाे वायरल हुआ तो अफसर हरकत में आए। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय और बीडीओ सर्वेश कुमार को समस्या का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके बाद सहायक विकास अधिकारी आर्येंद्र गंगवार ने पंपिंग सेट लगवाकर गांव की सड़कों और गलियों में भरा पानी निकलवा दिया है।