पूरनपुर। नगर के लाइनपार क्षेत्र की पानी की आपूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। आठ दिन पूर्व भूमिगत पाइप फटने से तीन दिन ठप रही पानी की आपूर्ति अब पैनल में खराबी के चलते प्रभावित रही। रविवार को दूसरे दिन पांच वार्डों की पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। मैकेनिक खराबी सही करने में जुटे रहे। मगर शाम तक पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी।
नगर में आबादी के बीच में रेलवे लाइन है। रेलवे लाइन के उत्तर में नगर पालिका के पांच वार्ड और पूरनपुर देहात के मोहल्ले हैं। दक्षिण में नगर पालिका के 20 वार्ड हैं। लाइनपार के पांच वार्डों और पूरनपुर देहात के कुछ हिस्सों में लाइनपार स्थित जिला पंचायत के डाक बंगला परिसर में स्थित वाटर टैंक से पानी की आपूर्ति की जाती है।
शनिवार सुबह वाटर बाक्स परिसर में पैनल में आई खराबी से पांच वार्डों और देहात क्षेत्र के कुछ हिस्सों की पानी की आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में रविवार को दूसरे दिन भी पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके चलते उपभोक्ताओं को काफी असुविधा हुई। मालूम हो कि आठ दिन पहले भी भूमिगत पाइप फटने से लाइनपार पानी की आपूर्ति तीन दिन तक ठप रही थी।