शारदा नदी पर बने पैंटून पुल से निकलती बस।स्रोत: राहगीर
पूरनपुर। शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने से धनाराघाट मार्ग पर रविवार को थमा आवागमन 24 घंटे बाद सोमवार को बहाल हो गया। हालांकि, नाले में पानी का बहाव दूसरे दिन भी होता रहा। वाहन चालक तीन-चार मीटर चौड़ाई में बह रहे डेढ़ से दो फिट पानी में से गुजर रहे हैं। दलदल में सोमवार को एक बस भी फंस गई, लेकिन आवागमन जारी है।
पहाड़ों पर हुई बारिश से शनिवार रात शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया था। पैंटून पुल से पहले रास्ते पर जलभराव हो गया।हालांकि, कुछ घंटे बाद रास्ते से जलभराव तो समाप्त हो गया, लेकिन दो स्थानों पर बने नालों में तेज बहाव से पानी बह रहा था। इसको लेकर रविवार को बसों और अन्य वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया।
शारदा पार के गांवों में आवागमन करने वालों को असुविधा हुई। कई लोगों को तहसील मुख्यालय आने-जाने के लिए तीस की जगह 130 किलोमीटर दूरी तय करनी पड़ी। सोमवार को नदी का जलस्तर कम होने से दो स्थानों पर नालों मेंं बह रहे पानी का बहाव भी धीमा हो गया।
नालों से डेढ़ से दो फिट ऊंचाई तक पानी अब भी है। हालांकि, राहगीर रास्ते में कीचड़ और दलदल से आवागमन करने लगे। सोमवार को सुबह के समय एक बस दलदल में फंस गई। उसे बमुुश्किल बाहर निकाला जा सका।
पूरनपुर-टाटरगंज बस यूनियन के प्रबंधक लियाकत हुसैन ने बताया कि बसों का आवागमन शुरू तो करा दिया गया मगर, अभी रास्ता ठीक न होने से बस चालकों को असुविधा हो रही है। नालों में ह्यूम पाइप डलवाने की मांग लोक निर्माण विभाग के अफसरों से की गई है।
वर्जन
नालों में पानी का बहाव कम होने पर सोमवार को वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। मंगलवार तक रास्ते को पूरी तरह दुरूस्त करा दिया जाएगा। -मनोज कुमार, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी।