दियोरिया। बाढ़ के दौरान धंसे पुल-पुलिया और संपर्क मार्ग मरम्मत न होने से बदहाल पड़े हैं। दियोरिया क्षेत्र में माला नदी के पुल का संपर्क मार्ग हादसों का सबब बना हुआ है। आए दिन हादसों के बाद भी लोक निर्माण विभाग के अफसर इसकी मरम्मत कराने को लेकर गंभीर नहीं हो रहे हैं।
दियोरिया क्षेत्र का यह मार्ग दियोरिया-बीसलपुर मार्ग से बरखेड़ा जाने वाली सड़क को जोड़ता है। मार्ग का निर्माण वर्ष 2021 में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया गया था। इससे करीब 30 गांवों के लोग आवागमन करते हैं। बाढ़ के दौरान मार्ग पर बने माला नदी के पुल का संपर्क मार्ग धंस गया था। इसका काफी भाग क्षतिग्रस्त हो गया।
इससे हर समय हादसे का खतरा बनने लगा। क्षेत्रीय लोगों ने समस्या का समाधान करने के लिए आवाज उठाई। जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसरों तक शिकायतें दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक धंसी सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा सकी। इससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि तीन साल पूर्व से मार्ग का निर्माण कराया गया, देखरेख के अभाव में मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। धंसे मार्ग के क्षेत्र में कोई संकेतक आदि नहीं लगाए गए हैं। इससे हर समय हादसे का खतरा भी बना रहता है।
000
लोक निर्माण अधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजकर समस्या का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। - नागेंद्र पांडेय, एसडीएम बीसलपुर