मतदाताओं के नाम शामिल करने व काटने के नाम पर खूब खेल हो रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि मतदाता सूची से किसी का नाम काटा नहीं जाएगा। सिर्फ छूटे मतदाताओं का ही नाम शामिल होगा।
जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव के बाद आयोग ने छूटे मतदाताओं के नाम शामिल करने, उनमें संशोधन आदि के लिए वेबसाइट खोल बीएलओ के माध्यम से आवेदन मांगे थे। आयोग की इस छूट का कुछ कर्मचारी व अन्य लोग गलत लाभ लेने में लग गए। विरोधी पार्टी का नाम काटने और अपनों का नाम शामिल कराने को प्रत्याशी हर तरह की कोशिश करने लगे।
इसकी शिकायतें डीएम एवं जिला अस्तरीय अन्य अधिकारियों को जाने लगीं। लगातार आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने बताया कि बीते चुनाव में जो नाम निर्वाचक नामावली में शामिल थे उनके नाम किसी भी कीमत पर नहीं काटे जाएंगे। यदि किसी का नाम सूची में शामिल होने से छूट गया है और उसका आवेदन एसडीएम कार्यालय को प्राप्त हो गया है नाम की सूची में शामिल किया जाएगा।